मुंबई, 21 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस सांसद और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान के ससुर और दो अन्य लोगों को मुंबई में सड़क पर हुई झड़प के दौरान एक व्यक्ति पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में पीड़ित को चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में इलाज कराना पड़ा।
यह घटना शनिवार रात मझगांव के हीराबाई परिसर के पास हुई, जब यूसुफ खान नामक एक व्यक्ति की कार एक गड्ढे से गुजरी और सड़क पर जमा पानी के कुछ झींटें पूर्व क्रिकेटर के रिश्तेदार शोएब खान पर पड़े। इसके बाद कहासुनी हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई।
गुस्से में शोएब खान ने डंडे से कार पर हमला किया। जल्द ही, पूर्व क्रिकेटर के ससुर खालिद खान समेत उनके अन्य रिश्तेदार भी झगड़े में शामिल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खालिद खान तथा दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले में यूसुफ खान को कई चोटें आईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
भायखला थाने में शोएब खान, खालिद खान और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए।
भाषा अविनाश नरेश
नरेश