ईस्ट रदरफोर्ड, 28 जून (एपी) जूड बेलिंगहैम और हैरी केन ने दूसरे हाफ की शुरुआत में छह मिनट के अंदर गोल करके इंग्लैंड को पनामा पर 2-0 से जीत दिलाई जिससे उनकी टीम विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप एल में शीर्ष पर रहकर अगले दौर में पहुंची।
इस मैच के लिए बड़ी संख्या में इंग्लैंड के समर्थक पहुंचे थे जिससे मेटलाइफ स्टेडियम का माहौल वेम्बली जैसा बना गया था। पनामा ने हालांकि यूरोप की दिग्गज टीम को पहले हाफ में एक भी गोल नहीं करने दिया।
इंग्लैंड ने मध्यांतर के बाद तेजी दिखाई जिसका उसे फायदा भी मिला। बुकायो साका की कॉर्नर किक पर बेलिंगहैम ने 62वें मिनट में थ्री लायंस (इंग्लैंड का उपनाम) को बढ़त दिलाई।
बेलिंगहैम ने एक डिफेंडर के अपने पास होने के बावजूद अपना बायां पैर आगे बढ़ाया और गोलकीपर ऑरलैंडो मोस्केरा को छकाते हुए गेंद को नेट में डाल दिया। यह विश्व कप में उनका तीसरा और इस साल का दूसरा गोल था।
इसके पांच मिनट बाद बेलिंगहैम ने बाएं छोर से क्रॉस लेकर केन तक पहुंचाया जिन्होंने उसे हेडर से गोल में डाल दिया। केन का यह 82वां अंतरराष्ट्रीय और विश्व कप में कुल मिलाकर 11वां गोल था। अब वह इंग्लैंड की तरफ से विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने गैरी लाइनकर को पीछे छोड़ा।
यह 2018 में रूस ने खेले गए विश्व कप के क्वार्टर फाइनल के बाद पहला अवसर था जबकि इंग्लैंड की टीम किसी टूर्नामेंट में लाल जर्सी पहनकर मैदान पर उतरी थी।
इंग्लैंड की टीम ने दो जीत और एक ड्रॉ के साथ सात अंक हासिल किए और उसने अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया। इंग्लैंड की टीम बुधवार को अटलांटा में अपना राउंड ऑफ 32 का मैच खेलेगी।
पनामा को अपने तीनों मैच में हार का सामना करना पड़ा। वह इराक, हैती, अल सल्वाडोर, कनाडा और मैक्सिको के साथ उन टीमों की सूची में शामिल हो गया जिन्होंने विश्व कप के अपने पहले छह मैच हारे हैं। दूसरे हाफ के इंजरी टाइम में जोस फजार्डो ने पनामा के लिए गोल किया, लेकिन उसे ऑफसाइड करार दिया गया।
इंग्लैंड के गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड ने अपना 15वां विश्व कप मैच खेला। वह पीटर शिल्टन (17 मैच) के बाद इंग्लैंड की तरफ से विश्व कप में सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
एपी
पंत
पंत