गोरखपुर (उप्र), 21 मई (भाषा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विजन’ ने पिछले एक दशक में देश और खासकर उत्तर प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर माहौल बनाने में मदद की है।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर स्थित रामगढ़ ताल में 46वीं जूनियर राष्ट्रीय नौकायन प्रतियोगिता के समापन और पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि खेल के बुनियादी ढांचे के तेजी से विकास और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन देने से राज्य का खेल परिदृश्य पूरी तरह बदल गया है।
उन्होंने कहा कि रामगढ़ ताल का कायाकल्प इसी बदलाव को दिखाता है।
आदित्यनाथ ने कहा, ‘2017 से पहले लोग गंदगी और अपराध की वजह से यहाँ आने से बचते थे। आज, यहां राष्ट्रीय नौकायन प्रतियोगिताएं और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की तैयारी कर रही महिला खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विजन’ ने पिछले एक दशक में देश में और खासकर उत्तर प्रदेश में खेलों के लिए एक मजबूत माहौल बनाने में मदद की है।’
भारतीय रोइंग महासंघ द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप में 20 राज्यों के लगभग 300 नौकायन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
भाषा सं सलीम गोला नमिता
नमिता