दुबई। एशिया कप में भारत का विजय अभियान जारी है। रविवार को खेले गए सुपर फोर के मैच में भारत ने पाकिस्तान को 9 विकेट से रौंद डाला। मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने नॉटआउट 111 और शिखर धवन ने 114 रनों बनाए। मैच खत्म के बाद टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे रोहित काफी खुश नजर आए। उन्होंने धवन की और पूरी टीम की जमकर तारीफ की।
रोहित ने कहा, ‘हम लड़कों से इस तरह का प्रदर्शन चाहते थे। हालांकि परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थी और इनमें खेलना आसान नहीं है। लेकिन हम सभी ने जीत का जज्बा दिखाया। हमने इस पर चर्चा की थी कि पिछला प्रदर्शन बीती बात है और हमें आज नए सिरे से अच्छा खेल दिखाना होगा और हमने ऐसा किया। मैं किसी का क्रेडिट नहीं छीनना चाहूंगा, सबके अच्छे प्रदर्शन की वजह से हम जीते हैं’।
यह भी पढ़ें : विराट पर टिप्पणी सुनकर भड़के गौतम गंभीर,ऐसा जवाब दिया कि पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर की बोलती बंद
रोहित ने कहा, ‘धवन के साथ पारी का आगाज करते हुए मुझे उससे बात करने की जरूरत भी नहीं पड़ती। हम दोनों कई पारियां साथ में खेल चुके हैं और एक दूसरे के खेल को अच्छी तरह से समझते हैं। हम जानते हैं कि पहले दस ओवर कितने महत्वपूर्ण हैं। अगर हम इन दस ओवरों में अच्छा करते हैं तो टारगेट हासिल करना आसान हो जाता है’।
वेब डेस्क, IBC24