बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक फैसला होगा : सम्राट चौधरी

Ads

बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक फैसला होगा : सम्राट चौधरी

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 07:55 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 07:55 PM IST

पटना, 22 मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को राज्य की अपनी आईपीएल टीम बनाने को लेकर ‘‘सकारात्मक फैसला’’ होने का भरोसा जताया।

उन्होंने यह टिप्पणी सोशल साइट ‘एक्स’ पर की। मुख्यमंत्री बिहार से ताल्लुक रखने वाले वेदांता समूह के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल की एक पोस्ट का जवाब देते हुए यह बात कही।

अग्रवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘क्या आपको नहीं लगता कि बिहार की भी अपनी टीम होनी चाहिए, जैसे चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियन और कोलकाता नाईट राइडर्स हैं? बिहार की धरती ने देश को कई बेहतरीन क्रिकेटर दिए हैं।’’

उन्होंने कहा कि उनका सपना और प्रयास है कि बिहार के युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिले।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि अगर हमारे बच्चों को सही प्रेरणा और सुविधाएं मिलें, तो बिहार से निकलने वाली टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम बन सकती है।’’

उन्होंने बिहार की क्रिकेट टीम और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए ‘‘बिना शर्त समर्थन’’ देने का भी वादा किया और कहा कि अब समय आ गया है कि राज्य की प्रतिभा मैदान पर चमके।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, ‘‘मैं आपसे पूर्णत: सहमत हूं। बिहार की क्रिकेट ‘भावना’ के लिए सरकार स्पष्ट ‘दृष्टिकोण’ के साथ ‘मिशन मोड’ में कार्यरत है। आपके सहयोग से बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।’’

बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने भी बिहार की आईपीएल टीम बनाने के विचार का समर्थन किया।

उन्होंने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘हम सभी चाहते हैं कि बिहार के खिलाड़ियों को उचित मंच और उनका हक मिले, ताकि वे अपने अच्छे प्रदर्शन से बिहार की प्रतिष्ठा बढ़ा सकें। ऐसे समय में अनिल अग्रवाल जी का यह ‘ट्वीट’ स्वागत योग्य है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इसका समर्थन किया है।’’

श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार का खेल विभाग इस विचार को जल्द से जल्द हकीकत में बदलने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।

खेल मंत्री ने आईपीएल मैचों की मेजबानी के लिए बिहार की तैयारियों पर भी भरोसा जताया।

उन्होंने कहा, ‘‘बुनियादी ढांचा तैयार है। इस ढांचे का उपयोग करने के लिए हम उत्साह के साथ खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं, केवल क्रिकेट ही नहीं बल्कि अन्य खेलों में भी। यदि हम रग्बी, हॉकी और अन्य खेलों की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी कर सकते हैं, तो आईपीएल मैचों की मेजबानी भी निश्चित रूप से कर सकते हैं।’’

भाषा कैलाश

राजकुमार आनन्द नमिता

नमिता