मथुरा, 10 जनवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की घोषणा होने के साथ मथुरा जनपद में सरकारी तंत्र तैयारियों में जुट गया है। मथुरा जनपद के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में इस बार 18 लाख 71 हजार मतदाता 2,219 मतदान केंद्रों पर मतदान करेंगे।
सम्पूर्ण चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं निर्बाध ढ़ंग से पूरी कराने के लिए जिला प्रशासन ने चुनाव ड्यूटी करने वाले 18 हजार कर्मियों की सूची तैयार कर चुनाव आयोग को भेज दी है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया, “चूंकि मथुरा में सभी सीटों पर मतदान प्रथम चरण में (10 फरवरी को) होगा, इसलिए नामांकन की प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार 14 जनवरी से शुरू हो जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि 21 जनवरी, नामांकन पत्रों की जांच 24 जनवरी और नामांकन 27 जनवरी तक होगी।
उन्होंने बताया कि इस बार कुल 18 लाख 71 हजार मतदाता 2,219 मतदान स्थलों पर मतदान करेंगे जिनमें 10 लाख 5 हजार पुरुष एवं 8 लाख 66 हजार महिलाएं होंगी।
चुनावी तैयारियों के प्रभारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने बताया, “निष्पक्ष एवं सुचारू मतदान के लिए जिले के कुल 18 हजार कर्मचारियों की सूची तैयार कर चुनाव आयोग को भेज दी गई है। इनमें से सीधे तौर पर 12,500 कर्मी मतदान कार्य में, कुछ को अतिरिक्त सूची में तथा अन्य कर्मचारी दूसरे प्रशासनिक कार्य सम्पन्न कराने में काम में लिए जाएंगे।”
उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में चुनावों की तारीखों के एलान के साथ विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता प्रभावी हो गई।
नगर आयुक्त अनुनय झा ने बताया कि आचार संहिता लगते ही मथुरा-वृंदावन नगर निगम की टीम ने मथुरा और वृन्दावन नगर में विभिन्न स्थानों पर लगे राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स को हटाना शुरू कर दिया है।
भाषा सं मनीषा नेहा
नेहा