‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव

Ads

'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में शामिल हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव

  •  
  • Publish Date - February 25, 2024 / 04:53 PM IST,
    Updated On - February 25, 2024 / 04:53 PM IST

आगरा (उप्र), 25 फरवरी (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में रविवार को आगरा में शामिल हुए।

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव पहली बार एक साथ नजर आए हैं।

सपा और कांग्रेस के पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी पार्टी के नेताओं के समर्थन में नारे लगाए।

आगरा में रोड शो के दौरान राहुल और अखिलेश ने हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन स्वीकार किया। उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी मौजूद थीं।

सपा अध्यक्ष ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा, ‘आज किसान सरकार के खिलाफ खड़े हैं। सरकार किसानों की ताकत से डरी हुई है। आने वाले समय में भाजपा हटेगी और ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार किसानों को सम्मान देगी।’

उन्होंने यह भी कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को जो सम्मान मिलना चाहिए था, वह इतने सालों के बाद भी नहीं मिला है और जो मिल रहा था, उसे भाजपा ने लूट लिया है।

कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रदीप माथुर ने बताया कि इससे पहले राहुल और अखिलेश ने बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के इस चरण में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन का पूरा माहौल दिखाई दे रहा है। दोनों दलों के कार्यकर्ताओें के बीच उत्साह दिख रहा है। इसका आगामी लोकसभा चुनाव में निश्चित रूप से सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।’

भाषा सलीम दिलीप

दिलीप