उप्र: पुलिस से मुठभेड़ में गोकशी का आरोपी कुख्यात बदमाश मारा गया

Ads

उप्र: पुलिस से मुठभेड़ में गोकशी का आरोपी कुख्यात बदमाश मारा गया

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 09:58 PM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 09:58 PM IST

सहारनपुर (उप्र), 18 मार्च (भाषा) सहारनपुर जिले में बुधवार रात को पुलिस से मुठभेड़ में गोकशी के मामलों में आरोपी एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि देर शाम मिर्जापुर थाने की पुलिस को सूचना मिली कि गोकशी के मामले में आरोपी कुख्यात बदमाश शहजाद किसी वारदात को अंजाम देने वाला है। बदमाश पर एक लाख रुपये का इनाम था।

उन्होंने बताया कि इस सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया, इसी बीच शहजाद विकास नगर की ओर से एक मोटरसाइकिल पर आता दिखा, जिसे रुकने का इशारा किया गया लेकिन रुकने के बजाय उसने पुलिस पर गोलियां चला दीं।

सिंह ने बताया कि इसके बाद हुई मुठभेड़ में पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में चलायी गयी गोली लगने से शहजाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना में सोमेन्द्र और कुलदीप नामक पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है।

सिंह ने बताया कि लंबे समय तक फरार रहा शहजाद एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी था। उन्होंने बताया कि उस पर विभिन्न थानों में गोकशी, हत्या, लूट समेत कई जघन्य अपराधों से संबंधित 44 मामले दर्ज थे और पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शहजाद के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।

भाषा सं. सलीम सुरभि

सुरभि