उप्र : बिजनौर में सड़क किनारे पड़ी गर्म राख से चार बच्चे झुलसे, जांच के आदेश

Ads

उप्र : बिजनौर में सड़क किनारे पड़ी गर्म राख से चार बच्चे झुलसे, जांच के आदेश

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 12:10 AM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 12:10 AM IST

बिजनौर, एक मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बिजनौर कोतवाली क्षेत्र में सड़क किनारे पड़ी फैक्ट्री की गर्म राख की चपेट में आकर चार बच्चे झुलस गए। सभी घायलों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

थाना प्रभारी रामप्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को बिजनौर-नहटौर मार्ग पर राधास्वामी आश्रम के पास सड़क किनारे गर्म राख पड़ी हुई थी। इसी दौरान शहर के चार बच्चे मोहम्मद शाद (12), रिहान (13), उजैर (13) और साहिल (12) बाग में आम तोड़ने गए थे और रास्ते में राख की चपेट में आकर झुलस गए।

उन्होंने बताया कि शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी बच्चों को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे 30 से 50 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उनका इलाज जारी है।

उप जिलाधिकारी (एसडीएम) रितु रानी ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि गर्म राख किस फैक्ट्री की है और इसे किसने सड़क किनारे डाला है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत