(शिरीष बी. प्रधान)
काठमांडू, 27 अप्रैल (भाषा) विदेश सचिव विक्रम मिसरी अगले महीने नेपाल की यात्रा पर जा सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि मार्च में बालेंद्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार के गठन के बाद भारत की ओर से यह पहली उच्च स्तरीय यात्रा होगी।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह दौरा मई के पहले पखवाड़े में होने की उम्मीद है।
यात्रा की सटीक तिथि और विवरण अभी तक तय नहीं किए गए हैं।
मिसरी की यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों और भारत द्वारा वित्तपोषित परियोजनाओं की समीक्षा एजेंडा में शामिल होगी।
इस महीने की शुरुआत में, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मॉरीशस में हिंद महासागर सम्मेलन के इतर अपने नेपाली समकक्ष शिशिर खनाल से मुलाकात की, जहां उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों और पारस्परिक सहयोग पर चर्चा की थी।
सूत्रों ने बताया कि खनाल के साथ बैठक के दौरान, जयशंकर ने नयी सरकार की प्राथमिकताओं को समझने के लिए मिसरी को काठमांडू भेजने का प्रस्ताव रखा।
बालेंद्र शाह के हिमालयी देश के सर्वोच्च कार्यकारी पद का मार्च में कार्यभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें भेजे अपने बधाई संदेश में भारत आने का निमंत्रण दिया था।
विदेश सचिव मिसरी की इस यात्रा से निकट भविष्य में नेपाली प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा के लिए भी आधार तैयार होने की उम्मीद है। इस यात्रा के संबंध में अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
भाषा प्रशांत मनीषा
मनीषा