(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, तीन मार्च (भाषा) पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने मंगलवार तड़के दक्षिण-पश्चिमी सीमा पर 16 स्थानों पर हुए हमलों को नाकाम कर दिया और रातभर जारी अभियानों में अफगान तालिबान के 67 और लड़ाकों को मार गिराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने अफगान तालिबान के हमलों के जवाब में 26 फरवरी को शुरू किए गए ऑपरेशन ‘गजब-लिल-हक’ के बारे में जानकारी दी।
तरार ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से सटे सीमावर्ती क्षेत्र में रात भर चले अभियानों में अफगान तालिबान के 40 लड़ाके मारे गए।
उन्होंने ‘एक्स’ पर किये गए एक पोस्ट में बताया, “एक स्थान पर शारीरिक हमला करने का प्रयास किया गया, जबकि 12 स्थानों पर गोलीबारी की गई, जिन्हें बिना किसी जानमाल के नुकसान के नाकाम कर दिया गया।”
अफगान तालिबान ने उत्तरी बलूचिस्तान के किला सैफुल्लाह, नोश्की और चमन जिलों में 16 स्थानों पर सीमा पार से शारीरिक हमला किया, जबकि पाकिस्तानी सैनिकों ने 25 स्थानों पर गोलीबारी की।
उन्होंने कहा, ‘‘सभी ठिकानों पर हुए हमलों को नाकाम कर दिया गया, जिसमें अफगान तालिबान के 27 लड़ाके मारे गए और कई घायल हुए।’’
मंत्री ने यह भी बताया कि उत्तरी बलूचिस्तान में तैनात अर्धसैनिक बल फ्रंटियर कोर (एफसी) का एक जवान शहीद हो गया, जबकि पांच जवान घायल हो गए।
सोमवार को मंत्री ने एक बयान में कहा था कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 435 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया और 630 अन्य घायल हो गए।
भाषा
संतोष दिलीप
दिलीप