गोपनीय सूचना को लेकर रूस ने यूक्रेन के राजनयिक को हिरासत में लिया

Ads

गोपनीय सूचना को लेकर रूस ने यूक्रेन के राजनयिक को हिरासत में लिया

  •  
  • Publish Date - April 17, 2021 / 02:05 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:15 PM IST

मॉस्को, 17 अप्रैल (एपी) रूस ने देश की मुख्य सुरक्षा एजेंसी के डाटाबेस से कथित तौर पर गोपनीय सूचना हासिल करने के लिए यूक्रेन के एक राजनयिक को हिरासत में लिया है।

फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (एफएसबी) ने शनिवार को बताया कि सेंट पीटर्सबर्ग में यूक्रेन के महावाणिज्यदूत अलेक्जेंडर सोसोनयुक को शुक्रवार को एक रूसी नागरिक के साथ मुलाकात के दौरान गिरफ्तार किया गया। एफएसबी का आरोप है कि मुलाकात के दौरान उन्होंने ‘‘कानून लागू करने वाली एजेंसियों और एफएसबी के डाटाबेस से गोपनीय प्रकृति की सूचनाएं’’ हासिल कीं।

रूस की संवाद समितियों ने एफएसबी के बयान जारी किए जिसमें और अधिक ब्यौरा नहीं दिया हुआ है।

यूक्रेन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ओलेग निकोलेंको ने कहा कि सोसोनयुक को रिहा कर दिया गया है और वह यूक्रेन के महावाणिज्य दूतावास परिसर में हैं। यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि रूस उन्हें निष्कासित करेगा अथवा नहीं।

निकोलेंको ने कहा कि यूक्रेन इसका जवाब देने की तैयारी कर रहा है लेकिन उन्होंने विस्तार से इस बारे में नहीं बताया।

यूक्रेन के पूर्वी क्षेत्र में सीमा के पास रूसी सैनिकों की मजबूत उपस्थिति और रूस तथा यूक्रेन के मध्य बढ़ते तनावों के बीच राजनयिक को गिरफ्तार किया गया है।

एपी नीरज पवनेश

पवनेश