वाशिंगटन, 23 फरवरी (एपी) एक संघीय न्यायाधीश ने सोमवार को विशेष वकील जैक स्मिथ द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो एस्टेट में गोपनीय दस्तावेजों के भंडारण की जांच पर तैयार की गई रिपोर्ट को जारी करने पर स्थायी रूप से रोक लगा दी।
अमेरिकी जिला न्यायाधीश एलीन कैनन ने रिपब्लिकन राष्ट्रपति के उस अनुरोध को स्वीकार कर लिया, जिसमें एक आपराधिक जांच रिपोर्ट को गुप्त रखने की बात कही गई थी, जिसे कभी ट्रंप के लिए महत्वपूर्ण कानूनी खतरा माना जाता था। ट्रंप ने कैनन को न्यायाधीश के पद के लिए नामित किया था।
स्मिथ और उनकी टीम ने ट्रंप द्वारा 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडन से हारने के बाद परिणामों को पलटने के प्रयासों और अपने पहले कार्यकाल के बाद व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित अपनी संपत्ति में गोपनीय दस्तावेजों को रखने की जांच पर दो खंडों की रिपोर्ट तैयार की।
दोनों जांचों के परिणामस्वरूप अभियोग तैयार हुए, जिन्हें स्मिथ की टीम ने ट्रंप की नवंबर 2024 की चुनावी जीत के बाद त्याग दिया, क्योंकि न्याय विभाग की दीर्घकालिक कानूनी राय यह कहती है कि पद पर आसीन राष्ट्रपतियों पर संघीय अभियोजन नहीं चलाया जा सकता है।
कैनन ने 2024 में यह निष्कर्ष निकालने के बाद मामले को खारिज कर दिया था कि स्मिथ को गैरकानूनी रूप से नियुक्त किया गया था। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के जारी होने से ट्रंप और उनके दो सह-प्रतिवादियों के साथ “स्पष्ट अन्याय” होगा।
उन्होंने लिखा, “विशेष वकील स्मिथ ने बिना कानूनी अधिकार के इस मामले में अभियोग प्राप्त किया और ऐसी कार्यवाही शुरू की जिसके परिणामस्वरूप सभी आरोपों को खारिज करने का अंतिम आदेश आया।”
न्यायाधीश ने कहा, “परिणामस्वरूप, इस मामले के पूर्व आरोपी इस स्थिति में किसी भी अन्य आरोपी की तरह, हमारे संवैधानिक व्यवस्था में पवित्र मानी जाने वाली निर्दोषता की धारणा का अब भी लाभ उठाते हैं।”
एपी प्रशांत सुरेश शोभना
शोभना