नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी ब्रिगेड एंटरप्राइजेज लिमिटेड की बिक्री बुकिंग वित्त वर्ष 2025-26 में पांच प्रतिशत घटकर 7,424 करोड़ रुपये रह गई।
कंपनी ने इसकी मुख्य वजह कुछ आवासीय परियोजनाओं के लिए मंजूरियां मिलने में देरी को बताया है।
वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी की बिक्री बुकिंग 7,847 करोड़ रुपये थी।
ब्रिगेड एंटरप्राइजेज की प्रबंध निदेशक पवित्रा शंकर ने विश्लेषकों से कहा, ‘‘मंजूरियां मिलने में हुई देरी के कारण वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की बिक्री बुकिंग पांच प्रतिशत घटकर 7,424 करोड़ रुपये रही। कई परियोजनाओं को पेश करने की योजना चौथी तिमाही के अंतिम चरण में चली गई, जबकि कुछ अब वित्त वर्ष 2026-27 में शुरू हो पाएंगी।’
शंकर ने कहा, “वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने 83 लाख वर्ग फुट नई परियोजनाएं पेश कीं, जबकि लक्ष्य 1.2 करोड़ वर्ग फुट का था। करीब 33 लाख वर्ग फुट की परियोजनाएं अगले वित्त वर्ष 2026-27 में चली गईं, जिनमें चेन्नई की परियोजनाएं प्रमुख हैं।”
वित्तीय मोर्चे पर वित्त 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 724.76 करोड़ रुपये हो गया, जो 2024-25 में 680.47 करोड़ रुपये था। वहीं, समीक्षाधीन वित्त वर्ष में कंपनी की कुल आय बढ़कर 5,909 करोड़ रुपये रही, जो 2024-25 में 5,313.54 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के निदेशक मंडल ने 2025-26 के लिए 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर दो रुपये (20 प्रतिशत) के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है।
भाषा योगेश अजय
अजय