क्वालकॉम ने स्मार्टफोन के लिए पेश किए नई पीढ़ी के चिपसेट

Ads

क्वालकॉम ने स्मार्टफोन के लिए पेश किए नई पीढ़ी के चिपसेट

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 10:20 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 10:20 PM IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) मेमोरी चिप की लागत बढ़ने से स्मार्टफोन की औसत कीमत में हो रही वृद्धि से जुड़ी चिंताओं के बीच प्रौद्योगिकी कंपनी क्वालकॉम ने मिड-प्रीमियम और शुरुआती स्तर के स्मार्टफोन के लिए बृहस्पतिवार को नई पीढ़ी के चिपसेट पेश किए।

क्वालकॉम ने स्मार्टफोन के लिए स्नैपड्रैगन 6 जेन 5 और स्नैपड्रैगन 4 जेन 5 चिपसेट पेश किए जो बेहतर कनेक्टिविटी, गेमिंग अनुभव, प्रदर्शन और बैटरी लाइफ को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं।

क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज के मोबाइल हैंडसेट खंड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और महाप्रबंधक क्रिस पैट्रिक ने कहा कि मोबाइल उद्योग इस समय चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है।

उन्होंने कहा कि मेमोरी चिप की आपूर्ति सीमित होने से फोन की लागत बढ़ रही है, जबकि उपभोक्ता अधिक बेहतर तकनीक एवं मूल्य की उम्मीद कर रहे हैं।

पैट्रिक ने कहा कि कंपनी ने मोबाइल फोन विनिर्माताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन चिपसेट को विकसित किया गया है।

कंपनी ने चीनी स्मार्टफोन कंपनियों ओप्पो, रियलमी और शाओमी के साथ साझेदारी की है। ये कंपनियां 2026 की दूसरी छमाही में इन चिपसेट पर आधारित फोन पेश करेंगी।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण