नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) ऑनलाइन बुकिंग पर कैब सेवा मुहैया कराने वाली कंपनी उबर ने मंगलवार को कहा कि वह 100 नए शहरों में अपनी सेवा शुरू कर रही है। इसकी शुरुआत बाइक टैक्सी सेवा से होगी, जिससे देश भर में इसकी कुल उपस्थिति 225 शहरों तक हो जाएगी।
यह विस्तार 18 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होगा, जो उत्तर में जम्मू से लेकर दक्षिण में तिरुनेलवेली तक और पूर्व में सिलचर से लेकर पश्चिम में जामनगर तक फैला है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस विस्तार का स्वागत करते हुए कहा कि यह छोटे शहरों में आर्थिक अवसर पैदा करने की सरकार की कोशिशों के अनुरूप है।
एक बयान में गडकरी ने कहा, ‘मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस 2025 राज्यों को बाइक टैक्सी और अन्य नए परिवहन समाधान को अपनाने का स्पष्ट रास्ता देती हैं। मैं राज्यों से इन दिशानिर्देश को अपनाने और अपने नागरिकों के लिए किफायती संपर्क सुविधा सुनिश्चित करने का आग्रह करता हूं।’’
वर्ष 2013 में भारतीय बाज़ार में आई उबर फिलहाल बाइक, ऑटो, कार और ‘इंटरसिटी’ (दो नगरों के बीच) सेवा समेत कई तरह की सेवा प्रदान करने वाला मंच चलाती है। कंपनी के अनुसार, इस मंच से अभी 20 लाख से ज़्यादा भारतीयों को कमाई का जरिया मिल रहा है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय