बिलासपुर, 13 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक सरकारी बाल सुधार गृह के चार किशोर बंदियों ने 40 वर्षीय चौकीदार की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी और वहां से फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने बताया कि घटना रविवार देर रात करीब दो बजे सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सरकारी बाल सुधार गृह में हुई।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में की गई है जो जिले के तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद गांव के निवासी थे। उन्होंने बताया कि खांडे कानून का उल्लंघन करने के आरोपों में रखे गए किशोरों के लिए बने इस आवासीय केंद्र में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे।
सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, चार किशोर बंदियों ने खांडे के साथ कथित तौर पर मारपीट की, उनके हाथ-पैर बांध दिए, मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और गला घोंटकर उनकी हत्या करने के बाद सुधार गृह से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि फरार हुए किशोरों में से तीन रायगढ़ जिले के रहने वाले हैं, जबकि चौथा कोरबा जिले का निवासी है। उन्होंने बताया कि चारों को गंभीर आपराधिक मामलों में बाल सुधार गृह में रखा गया था।
सिंह ने कहा, ‘हत्या के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि किशोरों ने फरार होने के इरादे से चौकीदार से सुधार गृह के गेट की चाबी मांगी थी। जब उसने इनकार किया तो उन्होंने उसे काबू में कर लिया, उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए।’ उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी सुबह करीब आठ बजे मिलने के बाद पुलिस ने फरार किशोरों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने श्वान दस्ते के साथ घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए। उन्होंने बताया कि सुराग के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इससे पहले 23 जून को सरगुजा जिले के एक सरकारी बाल सुधार गृह से 11 किशोर भारी बारिश और बिजली गुल होने का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
भाषा अमित वैभव
वैभव