कराची, 31 जनवरी (भाषा) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में 12 अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षाबलों की कार्रवाई में कम से कम 70 उग्रवादी मारे गए, जिनमें से कुछ बीएलए से जुड़े थे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, सुरक्षाबलों के सूत्रों का कहना है कि मारे गए उग्रवादियों की संख्या 108 है।
लेकिन बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अब तक 70 उग्रवादी मारे गए हैं और शुक्रवार रात को शुरू हुआ यह अभियान शनिवार शाम भी जारी रहा।
इस दौरान 10 सुरक्षाकर्मी भी मारे गए।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा, “शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात (उग्रवादियों के) ने पुलिस, सीमावर्ती बल और आम नागरिकों को निशाना बनाया।”
संघीय सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने ‘जियो न्यूज’ चैनल पर अभियान में 10 सुरक्षाकर्मियों की मौत की पुष्टि की, लेकिन कहा कि जब उग्रवादियों ने ठिकानों पर हमला किया, तो सुरक्षाबल सतर्क थे और उन्होंने इन हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया, जिससे उग्रवादी भागने पर मजबूर हो गए।
तरार ने बताया कि ग्वादर में, बीएलए से जुड़े उग्रवादियों ने एक महिला और तीन बच्चों सहित एक ही परिवार के पांच सदस्यों को मार डाला।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल