‘आप’ ने सांसद राजेंद्र गुप्ता, हरभजन सिंह, अशोक मित्तल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया

Ads

‘आप’ ने सांसद राजेंद्र गुप्ता, हरभजन सिंह, अशोक मित्तल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 09:03 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 09:03 PM IST

चंडीगढ़, 25 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह, अशोक मित्तल और राजिंदर गुप्ता के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

‘आप’ के ये सांसद पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं।

लुधियाना और जालंधर में कार्यकर्ताओं ने ‘स्प्रे पेंट’ से उनके घरों की चारदीवारी पर ‘गद्दार’ लिखा।

‘आप’ के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने शुक्रवार को पांच अन्य सांसदों के साथ पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने की घोषणा की।

अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाति मालीवाल और विक्रमजीत साहनी अन्य ‘आप’ सांसद हैं।

प्रदर्शनकारियों ने ‘पंजाब दे गद्दार’ के नारे लगाते हुए उन पर पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।

आम आदमी पार्टी के नेता पवन कुमार टिनू ने जालंधर में कहा, ‘‘2027 में पंजाब में ‘आप’ फिर से सत्ता में आएगी और भाजपा के पास यहां कोई राजनीतिक पूंजी नहीं होगी। हताशा में आकर भाजपा ने ‘आप’ के राज्यसभा सदस्यों को हर तरह से अपने पाले में करने की कोशिश की है। कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल ने ‘आप’ के खिलाफ एक गठबंधन बना लिया है, इसलिए उनके नेता ‘आप’ सांसदों के भाजपा में शामिल होने के बारे में एक जैसे बयान दे रहे हैं।”

‘आप’ की पंजाब युवा शाखा के कार्यवाहक अध्यक्ष परमिंदर गोल्डी ने लुधियाना में सांसद राजेंद्र गुप्ता के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया और उनके खिलाफ नारे लगाए।

उन्होंने कहा, “पंजाब की जनता विश्वासघात को कभी माफ नहीं करेगी। अरविंद केजरीवाल की विकास और सुशासन की राजनीति से भाजपा बुरी तरह परेशान है तथा साजिशों के जरिए ‘आप’ को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, ये प्रयास विफल होंगे क्योंकि ‘आप’ का हर कार्यकर्ता पार्टी के नेतृत्व और उसके विजन के साथ मजबूती से खड़ा है।”

‘आप’ नेताओं ने दोहराया कि पार्टी एकजुट है और पंजाब की जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि जो लोग पंजाब के भरोसे को धोखा देंगे, उन्हें अंततः जनता द्वारा जवाबदेह ठहराया जाएगा।

भाषा जितेंद्र धीरज

धीरज