Middle East Conflict / Image Source : IBC24 / X
नई दिल्ली : middle East Conflictइजरायल और ईरान के बीच छिड़ी भीषण जंग का असर अब सात समंदर पार तक महसूस किया जा रहा है। शनिवार और रविवार को हुए ताबड़तोड़ मिसाइल हमलों और धमाकों ने पूरी दुनिया को दहला दिया है। इस युद्ध की सबसे बड़ी मार पड़ी है इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर। दुबई का एयरस्पेस बंद होते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल है। छुट्टियां मनाने और काम के सिलसिले में दुबई पहुंचे भारत के कई बड़े दिग्गज और बॉलीवुड सितारे अब वहां फंस गए हैं।
बॉलीवुड की बोल्ड और खूबसूरत एक्ट्रेस ईशा गुप्ता इस वक्त आबू धाबी में फंसी हुई हैं। युद्ध के बिगड़ते हालातों के बीच ईशा ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने अपने उन फैंस से माफी मांगी है जो लगातार उनकी सलामती के लिए मैसेज कर रहे हैं लेकिन वह जवाब नहीं दे पा रही । ईशा ने लिखा कि समय बेहद कठिन है, लेकिन वह सुरक्षित हैं और जल्द ही वतन वापसी की कोशिश कर रही हैं।
‘जन्नत’ फेम एक्ट्रेस सोनल चौहान के लिए दुबई की यह ट्रिप किसी डरावने सपने जैसी साबित हो रही है। फ्लाइट्स सस्पेंड होने के बाद सोनल ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए भारत सरकार से इस मुश्किल घड़ी में गाइडेंस और सपोर्ट मांगा है, ताकि वह सही-सलामत वापस आ सकें।
टीवी की मशहूर एक्ट्रेस एरिका फर्नांडिस, जो पिछले साल ही दुबई शिफ्ट हुई थीं, उन्होंने वहां का खौफनाक मंजर बयां किया है। एरिका ने बताया कि धमाकों और मिसाइलों की आवाजें रूह कंपा देने वाली हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति बेहद डरावनी है, लेकिन वह शांत रहने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि यूएई सरकार हालातों को संभालने की कोशिश कर रही है, लेकिन डर का साया हर तरफ बरकरार है।
साउथ के ‘थाला’ यानी सुपरस्टार अजित कुमार भी इस वैश्विक संकट के बीच यूएई में फंस गए हैं। अजित अपनी रेसिंग कमिटमेंट्स के सिलसिले में वहां पहुंचे थे, लेकिन चेन्नई लौटने से पहले ही एयरस्पेस बंद हो गया। उनके मैनेजर ने फैंस को दिलासा देते हुए बताया कि अजित फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन उनका वापसी का प्लान पूरी तरह चौपट हो गया है।