दिल्ली पुलिस ने दो साल से फरार बलात्कार के आरोपी को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने दो साल से फरार बलात्कार के आरोपी को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बंदूक का डर दिखाकर एक महिला से बलात्कार करने और इस कृत्य का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह दो साल से फरार था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी 2024 से फरार था और पकड़े जाने से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने और नाम बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार, सितंबर 2024 में द्वारका उत्तर थाने में महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। महिला का आरोप था कि आरोपी ने बंदूक का डर दिखाकर उसका यौन उत्पीड़न किया, तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए और सामग्री को प्रसारित करने की धमकी देकर उसका बार-बार यौन शोषण किया।
पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वह अपने पति के माध्यम से आरोपी के संपर्क में आई। हत्या के एक मामले में उसके पति के तिहाड़ जेल में बंद रहने के दौरान आरोपी से दोस्ती हुई थी।
अधिकारी ने कहा कि आरोपी पहले महिला के साथ छोटे भाई की तरह व्यवहार करता था और 2023 में उसने महिला को अपने द्वारका स्थित आवास पर बुलाया।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके तीन साल के बेटे को बंदूक से डराया, इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया, उसके साथ बलात्कार किया और इस कृत्य को रिकॉर्ड किया।
आरोपी ने उसे कई बार धमकाया और उसका यौन शोषण करता रहा और वीडियो कॉल के दौरान उसे अश्लील हरकतें करने के लिए भी मजबूर किया।
अधिकारी ने कहा कि जब वह धमकियां सहन नहीं कर पाई तो उसने अपने पति को घटना की जानकारी दी और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने कहा कि अपराध शाखा की एक टीम ने बुधवार को आरोपी को नांगलोई से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरू में अपनी पहचान छिपाई, लेकिन बाद में मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ सात आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से ज्यादातर धोखाधड़ी से संबंधित हैं। नागपुर में धोखाधड़ी के एक मामले में उसे भगोड़ा अपराधी भी घोषित किया गया था।
भाषा नोमान
नोमान सुरेश
सुरेश

Facebook


