कानपुर में सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत, आठ अन्य घायल

Ads

कानपुर में सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत, आठ अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - May 10, 2026 / 01:01 PM IST,
    Updated On - May 10, 2026 / 01:01 PM IST

कानपुर (उप्र), 10 मई (भाषा) कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद क्षेत्र में एक तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से ऑटो-रिक्शा सवार पिता-पुत्री की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात शहर कोतवाली क्षेत्र में रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर कहिंजरी बिजलीघर के पास एक तेज रफ्तार लोडर ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी।

उसने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक पुलिस ने सभी घायलों को रसूलाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कहिंजरी गांव निवासी दीपू (40) और उनकी बेटी नैना (6) को मृत घोषित कर दिया।

उसने बताया कि घायलों में से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

मृतकों के परिजनों के अनुसार, दीपू अपनी पत्नी सोनम (35) और बेटियों गहना (10) तथा नैना के साथ एक अतिथि गृह में सफाई का काम करने जा रहे थे।

पुलिस ने लोडर चालक को हिरासत में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

भाषा सं. सलीम खारी

खारी