सीईटी की तर्ज पर एचटीईटी पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी : सैनी

Ads

सीईटी की तर्ज पर एचटीईटी पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएगी : सैनी

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 09:29 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 09:29 PM IST

चंडीगढ़, एक जुलाई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि समान पात्रता परीक्षा (सीईटी) की तर्ज पर हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारू ढंग से आयोजित की जाए।

मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्था किए जाने चाहिए ताकि उम्मीदवारों को कोई परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि जो उम्मीदवार समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कठिनाई का सामना कर रहे होंगे, वे ‘डायल 112’ पर संपर्क कर सकते हैं और पुलिस उन्हें तुरंत सहायता प्रदान करेगी।

सैनी ने कहा कि परीक्षा की निगरानी के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के मुख्यालय में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जबकि जिला और राज्य स्तर पर उड़न दस्ते तैनात किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि वे उम्मीदवारों,विशेषकर पंचकूला, करनाल और कुरुक्षेत्र के उन उम्मीदवारों के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करें, जिनके परीक्षा केंद्र एडीए परीक्षा के एक साथ होने के कारण दूसरे जिलों में स्थानांतरित कर दिये गए हैं।

एचटीईटी परीक्षा 4 और 5 जुलाई को तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। लेवल-3 (स्नातकोत्तर शिक्षक)परीक्षा चार जुलाई को अपराह्न 3 बजे से शाम 5.30 बजे तक 238 केंद्रों पर 73,091 उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जाएगी।

पांच जुलाई को लेवल-2 (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक 383 केंद्रों पर 1,19,141 उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जाएगी, और इसके बाद लेवल-1 (प्राथमिक शिक्षक) परीक्षा अपराह्न तीन बजे से शाम 5.30 बजे तक 139 केंद्रों पर 41,062 उम्मीदवारों के लिए होगी।

हरियाणा में बनाए गए 383 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,33,294 उम्मीदवार परीक्षा देंगे, जिनमें 1,66,137 महिलाएं और 67,157 पुरुष शामिल हैं।

भाषा धीरज माधव

माधव