कोझिकोड, 30 जून (भाषा) केरल के कोझिकोड स्थित एक सरकारी आश्रय गृह में 12 वर्षीय बच्चे का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 58 वर्षीय ‘केयरटेकर’ को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अयूब पी. के रूप में हुई है। पुलिस की ओर से उसकी तलाश तेज किए जाने के बाद उसने स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
यह कथित घटना तब सामने आई, जब आश्रय गृह में आयोजित एक बाल कल्याण परामर्श सत्र के दौरान बच्चे ने आपबीती बताई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने कई बार बच्चे का यौन उत्पीड़न किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया,‘‘ मामले की जानकारी मिलते ही हमने आरोपी के खिलाफ ‘यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम’ के तहत मामला दर्ज कर लिया।’’
पुलिस ने बताया कि जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या आश्रय गृह में अन्य बच्चे भी इस तरह के उत्पीड़न का शिकार हुए हैं।
भाषा शोभना अविनाश
अविनाश