जम्मू, 31 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को नगरोटा में तवी नदी में डूबने से हुई मौतों पर गहरा दुःख व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को तेज बहाव में बविश कौल (15), सोनम दत्त (16) और आदित्य पंडित (15) नदी में डूब गए थे। अब तक कौल और पंडित के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।
लोक भवन के एक प्रवक्ता ने बताया कि उपराज्यपाल सिन्हा ने वरिष्ठ अधिकारियों से बात की और तलाशी एवं बचाव कार्यों के बारे में जानकारी ली।
उपराज्यपाल ने कहा, ‘युवाओं की जान जाना हृदयविदारक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं और सहानुभूति है। इस कठिन समय में हम उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं।’
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं जताईं और ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में ईश्वर से उन्हें शक्ति और सांत्वना देने की प्रार्थना की।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा