एम वी गोविंदन ने यूडीएफ सरकार पर केरलम को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाने का आरोप लगाया

Ads

एम वी गोविंदन ने यूडीएफ सरकार पर केरलम को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 02:09 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 02:09 PM IST

त्रिशूर (केरलम), 24 सितंबर (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की केरल इकाई के सचिव एम.वी. गोविंदन ने बृहस्पतिवार को कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार राज्य को भ्रष्टाचार का बड़ा अड्डा बना रही है जिसका लोग पुरजोर विरोध करेंगे।

वह हाल में मंत्रियों की प्रायोजित विदेश यात्राओं, मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के विशेष विमान से यात्रा करने और स्थानीय स्व-शासन मंत्री के.एम. शाजी द्वारा अपने आधिकारिक वाहन के तौर पर किसी दोस्त की ‘रेंज रोवर’ कार का इस्तेमाल करने के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे।

गोविंदन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘तो इरादा केरलम को भ्रष्टाचार का एक बड़ा अड्डा बनाना है। केरलम के लोग – पार्टी से परे ऊपर उठकर सोचने वाले समझदार लोग – इस असंवैधानिक और गलत कदम का पुरजोर विरोध करेंगे और इसे ठीक करेंगे। इसी मजबूत संदेश के साथ केरलम आगे बढ़ रहा है।’’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह रुख कि उनके और उनके साथी मंत्रियों के लिए कारोबारियों द्वारा मेहमाननवाजी करना और यात्रा की व्यवस्था करना कोई समस्या नहीं है, असंवैधानिक है और पद की शपथ का उल्लंघन है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री यह नहीं बता रहे हैं कि ऐसी यात्राओं के लिए विमान कौन उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम साफ तौर पर कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री का यह व्यवहार शोभा नहीं देता। किसी भी मुख्यमंत्री को यह कहने का अधिकार नहीं है कि वह ऐसा दोबारा करेंगे।’’

गोविंदन ने आरोप लगाया, ‘‘पूरा केरलम एकजुट होकर मुख्यमंत्री के रुख का विरोध कर रहा है। इसी तरह, कल उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब न दे पाने के कारण वहां से चले जाने का रवैया अपनाया।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने अपनी चिंताएं ज़ाहिर करना शुरू कर दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया।

कासरगोड में एमडीएमए की जब्ती से कथित तौर पर जुड़े एक आरोपी की हालिया गिरफ़्तारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गिरफ़्तार किए गए कुछ लोगों के मुख्यमंत्री से करीबी संबंध हैं। गोविंदन ने कहा कि इसके पहले गृह विभाग संभालने वाले मंत्री ने कहा था कि उनमें से एक के अंतरराष्ट्रीय संबंध थे।

भाषा

राजकुमार संतोष

संतोष