गृह मंत्री की अनुपस्थिति सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सांसदों ने किया राज्यसभा से बहिर्गमन

Ads

गृह मंत्री की अनुपस्थिति सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सांसदों ने किया राज्यसभा से बहिर्गमन

  •  
  • Publish Date - August 12, 2026 / 03:52 PM IST,
    Updated On - August 12, 2026 / 03:52 PM IST

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) गृह मंत्री अमित शाह के सदन में मौजूद नहीं रहने और अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर विरोध जताते हुए बुधवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के सदस्यों ने राज्यसभा से बहिर्गमन किया।

इसी मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण उच्च सदन की बैठक पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होने के कुछ देर बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई थी।

दोपहर दो बजे जब सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो उपसभापति हरिवंश ने सदस्यों से राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 पर चर्चा शुरू करने को कहा। यह विधेयक गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की ओर से राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने सदन में पेश किया था।

विधेयक पेश होने के बाद हरिवंश ने भाजपा सांसद रामराव सखाराम वडकुते को विधेयक पर बोलने के लिए कहा। इस दौरान विपक्षी सदस्य गृह मंत्री अमित शाह के सदन में मौजूद नहीं रहने और अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर लगातार नारेबाजी कर रहे थे।

नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कुछ बोलना चाहा। हरिवंश ने उनसे कहा कि वह केवल विधेयक पर ही अपनी बात रखें।

खरगे ने कहा, ‘‘जिन्हें यह विधेयक पेश करना था वह किसी कारणवश आज सदन में मौजूद नहीं हैं, यह ठीक है… लेकिन ऐसा हर दिन नहीं हो सकता।’’ उनका इशारा गृह मंत्री अमित शाह की ओर था।

सदन के नेता जे पी नड्डा ने खरगे पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया। नड्डा ने कहा, ‘‘वह सदन को गुमराह कर रहे हैं। सरकार ने कहा है कि हम हर चर्चा के लिए तैयार हैं… आपको बहस से भागना नहीं चाहिए।’’

हरिवंश ने वडकुते को विधेयक पर अपनी बात जारी रखने को कहा। इस पर विरोध जताते हुए विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसद सदन से बाहर चले गए और विधेयक पर चर्चा जारी रही।

भाषा मनीषा माधव

माधव