अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 4.27 करोड़ रुपये मूल्य के हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ यात्री गिरफ्तार

Ads

अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 4.27 करोड़ रुपये मूल्य के हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ यात्री गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 09:01 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 09:01 PM IST

अहमदाबाद, एक जुलाई (भाषा) बैंकॉक से अहमदाबाद पहुंचे 40 वर्षीय एक यात्री को बुधवार को हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत 4.27 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपी यात्री महाराष्ट्र का रहने वाला है और उसने मादक पदार्थ अपने चेक-इन ट्रॉली बैग में खाद्य पैकेटों के भीतर छिपाकर रखा था।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘अहमदाबाद सीमा शुल्क के एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) के अधिकारियों ने यात्री प्रोफाइलिंग के आधार पर बैंकॉक से उड़ान संख्या टीजी-343 से आए एक पुरुष यात्री को रोका।’’

आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि ट्रॉली बैग की विस्तृत जांच के दौरान सफेद रंग की 22 पारदर्शी पॉलिथीन में लिपटी पैकेट बरामद की गईं, जिनमें हाइड्रोपोनिक गांजा पाया गया।

विज्ञप्ति के अनुसार, यह प्रतिबंधित पदार्थ एनडीपीएस (स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ) अधिनियम, 1985 के तहत जब्त कर लिया गया है। यात्री की पहचान महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर निवासी हरेश तिलवानी (40) के रूप में हुई है।

भाषा अमित माधव

माधव