पंजाब : ‘आप’ ने पार्टी छोड़ने वाले राज्यसभा सदस्यों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया

Ads

पंजाब : ‘आप’ ने पार्टी छोड़ने वाले राज्यसभा सदस्यों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 07:15 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 07:15 PM IST

चंडीगढ़, 26 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को पंजाब भर में कई स्थानों पर उन सात राज्यसभा सदस्यों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया, जो पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने दलबदल के विरोध में राज्यसभा सदस्यों के पुतले जलाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की।

‘आप’ कार्यकर्ताओं ने मोहाली के डेरा बस्सी और खरड़, गुरदासपुर, जालंधर, पठानकोट, बठिंडा और अमृतसर समेत कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए।

अमृतसर में संवाददाताओं से बात करते हुए पंजाब के मंत्री हरभजन सिंह ने राज्यसभा सदस्यों द्वारा पाला बदलने की कड़ी आलोचना की और उन पर पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।

सिंह ने कहा, ‘‘इन सांसदों को पंजाब के मुद्दों को उठाने के लिए उच्च सदन में भेजा गया था लेकिन यह बड़े शर्म की बात है कि उन्होंने पंजाब का कोई भी मुद्दा नहीं उठाया। इसके बजाय, वे भाजपा में शामिल हो गए।’’

मंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता पाला बदलने वालों को कभी माफ नहीं करेगी।

भाषा शफीक नरेश

नरेश