जयपुर, नौ जुलाई (भाषा) राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और प्रदेश के झुंझुनू के उदयपुरवाटी में कल से रविवार सुबह तक अधिकतम 12 सेमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई जबकि कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार मलसीसर (झुंझुनू) में 11 सेंटीमीटर,, झुंझुनू में 9 सेंटीमीटर, , मांगलियावास (अजमेर) में आठ सेंटीमीटर, और सीकर में सात सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई अन्य इलाकों में भी सात सेमी से कुछ कम बारिश दर्ज की गई।
जयपुर मौसम केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन आज जैसलमेर, अजमेर से होकर उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त तंत्र के असर से पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग में आगामी 24 घंटों तक मानसून सक्रिय रहने की सम्भावना है। बीकानेर संभाग में 15 जुलाई से पुनः मानसून सक्रिय होने से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, अजमेर व कोटा संभाग के जिलों में आगामी दो-तीन दिन मानसून सक्रिय रहने व अधिकांश भागों में हल्के से मध्यम बारिश व कहीं कहीं भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पूर्वी राजस्थान में 12 जुलाई से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। तत्पश्चात 14-15 जुलाई से पुनः मानसून सक्रिय होने से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
भाषा कुंज पारुल रंजन
रंजन