गंगटोक/नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) मध्यम आकार की जंगली बिल्ली की दुर्लभ प्रजाति ‘यूरेशियाई जंगली बिल्ली’ की सिक्किम में पहली बार तस्वीर ली गई है। राज्य के वन एवं पर्यावरण विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विभाग ने इसे वन्यजीव संरक्षण में एक मील का पत्थर बताया है।
पूरे पूर्वी हिमालय में यह दूसरी बार है जब इस दुर्लभ प्रजाति की बिल्ली की तस्वीर ली जा सकी है। इस क्षेत्र में अरुणाचल प्रदेश में पिछले साल ‘यूरेशियाई जंगली बिल्ली’ की पहली तस्वीर दर्ज की गई थी।
इस दुर्लभ जंगली बिल्ली की तस्वीर जनवरी 2026 में मंगन जिले के त्सो ल्हामो पठार पर 5,250 मीटर की ऊंचाई पर एक कैमरे में खिंची थी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह तस्वीर राज्य के वन और पर्यावरण विभाग तथा ‘डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया’ द्वारा हिम तेंदुए की निगरानी के लिए संयुक्त रूप से चलाए जा रहे एक लंबी अवधि वाले कार्यक्रम के दौरान ली गई थी।
मुख्य वन्यजीव वार्डन डी मंजूनाथ ने कहा, ‘‘त्सो ल्हामो पठार में यूरेशियाई जंगली बिल्ली की फोटोग्राफिक पुष्टि सिक्किम के लिए गर्व का पल है। यह हमारे ऊंचाई वाले चारागाह के पारिस्थितिक संरक्षण के महत्व को दिखाता है।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश