गुरुग्राम में निर्माण स्थल पर मिट्टी का टीला ढहने से सात लोगों की मौत; दो गिरफ्तार

Ads

गुरुग्राम में निर्माण स्थल पर मिट्टी का टीला ढहने से सात लोगों की मौत; दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 11, 2026 / 12:51 AM IST,
    Updated On - March 11, 2026 / 08:52 AM IST

गुरुग्राम, 10 मार्च (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम जिले में निर्माण स्थल पर मिट्टी का टीला ढह जाने से सात मजदूरों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। घायल मजदूरों में से तीन नेपाल के हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि परियोजना प्रभारी और निर्माण स्थल प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामले की जांच के लिए जिला प्रशासन ने एक जांच समिति का गठन किया।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि निर्माण स्थल पर मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय उपलब्ध नहीं थे।

अधिकारियों ने बताया कि घटना सोमवार शाम गुरुग्राम के सिधरावली इलाके में स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी में हुई।

गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या के लिए सजा से संबंधित) और धारा 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गुरुग्राम के बिलासपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार के अनुसार, इस घटना के संबंध में दो गिरफ्तारियां की गई हैं।

उन्होंने बताया, ‘हमने परियोजना प्रभारी दिनेश्वर और निर्माण स्थल प्रभारी विकास को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।’

एक अन्य घटनाक्रम में, हरियाणा के श्रम विभाग ने आदेश जारी कर गुरुग्राम के एनएच-8 स्थित सिधरावली गांव में सिग्नेचर ग्लोबल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की परियोजना के तहत भवन निर्माण कार्य को ‘सुरक्षित कार्य स्थितियां बहाल होने तक’ रोक दिया है।

भिवाड़ी पुलिस उपाधीक्षक योगेश ने पत्रकारों को बताया कि एक अवजल शोधन संयंत्र (एसटीपी) का निर्माण कार्य हो रहा था, तभी अचानक मिट्टी का एक टीला ढह गया और कुछ मजदूर मलबे के नीचे दब गए।

अधिकारियों ने बताया कि लगभग 12 से 15 मजदूर मलबे के नीचे दब गए और सूचना मिलते ही, गुरुग्राम के बिलासपुर थाने से पुलिस टीम, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मिट्टी में दबे मजदूरों को निकाला।

अधिकारियों ने बताया कि मजदूरों को राजस्थान के भिवाड़ी स्थित पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि मृतकों का पोस्टमॉर्टम गुरुग्राम में किया जाएगा।

अधिकारियों ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी मृत्यु दम घुटने से हुई है।

हादसे में मारे गए एक मजदूर के परिजनों ने भिवाड़ी में मीडियाकर्मियों से कहा कि मजदूर कई फुट नीचे काम कर रहे थे, तभी मिट्टी का ढेर उन पर गिर गया।

मृतकों के परिजनों ने मुआवजे के तौर पर 50 लाख रुपये की मांग की है।

घटना के संबंध में एक घायल मजदूर ने बताया कि मिट्टी का ढेर अचानक गिर गया और वे मलबे के नीचे दब गए।

उसने बताया कि मृतकों में सतीश राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे जबकि बाकी सभी झारखंड के निवासी थे।

पुलिस ने बताया कि घायल हुए चार लोगों में इंद्रजीत, छोटेलाल और शिवकाम चौधरी नेपाल के निवासी हैं। पुलिस ने पीड़ितों के परिवार वालों को सूचना दे दी है।

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत