पूनमल्ली से टीवीके उम्मीदवार पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज

Ads

पूनमल्ली से टीवीके उम्मीदवार पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 09:11 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 09:11 PM IST

चेन्नई, 31 मार्च (भाषा) तमिलनाडु के पूनमल्ली विधानसभा क्षेत्र से तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) उम्मीदवार प्रकाश उर्फ ​​कुट्टी के खिलाफ मंगलवार को यौन उत्पीड़न के आरोप में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पड़ोसी तिरुवल्लूर जिले की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के बाद प्रकाश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पीड़िता भी टीवीके पार्टी की पदाधिकारी है।

महिला का आरोप है कि यह घटना छह महीने पहले एक पार्टी समर्थक की शादी में हुई थी और उन्होंने कई बार प्रकाश से बात करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने बात नहीं की।

पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद महिला ने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं यहां यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने आई हूं। मेरे पति और मैंने उनसे (प्रकाश) बात करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने हमारे फोन का जवाब नहीं दिया। हमने पार्टी नेतृत्व के समक्ष औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई है और इतने दिनों से हम धैर्य बनाए हुए थे।’

उन्होंने कहा, ‘हमें उम्मीद थी कि पार्टी नेतृत्व उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा। लेकिन अब उन्होंने उन्हें (प्रकाश) पार्टी उम्मीदवार घोषित कर दिया है। अब हम कैसे धैर्य रख सकते हैं?’

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश