शिमला, 22 जून (भाषा) हिमाचल के चंबा ज़िले में सोमवार को बर्फबारी के कारण डलहौजी-लक्कड़मंडी-खज्जियार मार्ग पर लगभग दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अचानक हुई बर्फबारी ने सभी को हैरान कर दिया, जिससे कई पर्यटकों के वाहन लंबे जाम में फंस गए। हालांकि, डलहौजी आए पर्यटक इस महीने में बर्फबारी देखकर बेहद खुश नजर आए।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के डलहौजी संभाग ने यातायात सुचारू करने के लिए तुरंत मिट्टी, पत्थर या भारी सामान हटाने वाली बड़ी निर्माण मशीनें तैनात कीं।
इस बीच, रविवार शाम से पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि शिमला, सुंदरनगर, कांगड़ा, जोत और मुरारी देवी में बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ बारिश हुई। कुछ जगहों पर बिजली भी गिरी।
जोत में सर्वाधिक 22.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद स्लैपर में 14.3 मिलीमीटर, धौलाकुआं में नौ मिलीमीटर बारिश हुई। साथ ही भरमौर में पांच मिलीमीटर, सुंदरनगर में 3.6 मिलीमीटर, सांग्ला में 3.2 मिलीमीटर और मनाली तथा शिमला में तीन-तीन मिलीमीटर बारिश हुई।
शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले चार दिनों यानी शुक्रवार तक राज्य में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा