नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक आगामी सप्ताह कर्नाटक के बेलगावी शहर में होने वाली उसकी वार्षिक बैठक में शामिल होंगे, जिसमें जनगणना सहित कई समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
तीन दिवसीय यह बैठक 10 जुलाई से 12 जुलाई तक आयोजित होगी। इसमें संघ की शाखाओं के कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ उनकी संख्या बढ़ाकर संगठन के विस्तार पर भी विचार किया जाएगा।
आरएसएस के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बुधवार को जारी बयान में कहा, ‘‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक इस वर्ष कर्नाटक के बेलगावी में 10 से 12 जुलाई तक आयोजित की जाएगी।’’
उन्होंने कहा कि इस बैठक में देशभर से प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक और सह क्षेत्र प्रचारक भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि संघ की संगठनात्मक संरचना के अनुसार सभी 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों के कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में संघ से प्रेरित 32 संगठनों, जिनमें भाजपा भी शामिल है, के राष्ट्रीय संगठन सचिव भी भाग लेंगे।
आंबेकर ने बताया कि सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, डॉ. कृष्णगोपाल, सी. आर. मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त, आलोक कुमार और अतुल लिमये सहित सभी सह सरकार्यवाह तथा अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख और कार्यकारिणी परिषद के सदस्य भी बैठक में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सरसंघचालक मोहन भागवत 6 जुलाई को बेलगावी पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक में अब तक हुए ‘‘शाखा कार्य’’ के विस्तार की समीक्षा की जाएगी और आगे इसके विस्तार की योजनाओं पर चर्चा होगी।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही 2026 के प्रशिक्षण शिविरों की रिपोर्ट, शताब्दी वर्ष में पूरे किए गए कार्यक्रमों की समीक्षा, शेष कार्यक्रमों की योजना और 2026-27 के लिए सरसंघचालक के प्रवास योजना पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि प्रचारक वर्तमान परिस्थितियों और जनगणना जैसे समसामयिक विषयों पर अपने अनुभव भी साझा करेंगे।
भाषा अमित प्रशांत
प्रशांत