छतरपुर (मध्यप्रदेश), नौ अप्रैल (भाषा) महत्वाकांक्षी केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के तहत प्रस्तावित दौधन बांध का निर्माण कार्य बृहस्पतिवार को लगातार पांचवें दिन भी बंद रहा क्योंकि उचित मुआवजे की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
प्रदर्शन के दौरान कुछ ग्रामीणों ने जमीन पर लेटकर शवों की तरह प्रतीकात्मक रूप से अपना विरोध दर्ज कराया।
स्थानीय नेता अमित भटनागर के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन में मझगांव, विशरनगंज-नेगवा, दौधन, पलकोन्हा, खरयानी, सुकवाहा और मैनारी सहित 40 से अधिक गांवों के निवासियों ने भाग लिया।
निर्माण स्थल पर शिविर लगाने वाले प्रदर्शनकारी विस्थापित परिवारों के लिए 12.5 लाख रुपये के मुआवजे के पैकेज की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी सागर संभागीय आयुक्त के साथ बातचीत पर जोर दे रहे हैं। बिजावर और राजनगर के उप-संभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) ने घटनास्थल का दौरा किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आयुक्त से बात करने पर अड़े रहे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पन्ना जिले में पहले की बांध परियोजनाओं से विस्थापित हुए लोगों को भी पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने राहत और पुनर्वास लाभ में समानता की मांग की।
प्रदर्शनकारियों में से एक गंगाप्रसाद ने आरोप लगाया कि पहले के वादे पूरे नहीं किए गए, जिसमें अधिक मुआवजे का वादा भी शामिल था।
उन्होंने दावा किया कि केन-बेतवा परियोजना के लिए प्रारंभिक समर्थन के बावजूद, प्रभावित परिवारों को अभी तक पर्याप्त भुगतान नहीं मिला है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लाभार्थियों के केवल एक छोटे हिस्से को मुआवजा मिला है, जबकि कई अभी भी इंतजार कर रहे हैं।
प्रशासन ने बाहरी लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए पन्ना बाघ अभयारण्य के भुसोर नाका के पास सुरक्षा कड़ी कर दी थी, लेकिन प्रदर्शनकारी कथित तौर पर वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गए।
अधिकारियों ने कहा कि बातचीत के जरिए स्थिति को सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत मध्यप्रदेश से निकलने वाली केन और बेतवा नदी को नहर के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इसके तहत केन नदी का पानी बेतवा नदी में बहाया जाएगा, जिससे न सिर्फ जल स्तर में वृद्धि होगी, बल्कि सिंचाई और पेयजल के लिए भरपूर पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो सकेगी।
इस परियोजना के पहले चरण के तहत वर्तमान में दौधन बांध पर कार्य आरंभ हुआ है। इस चरण में केन नदी पर 77 मीटर ऊंचा एक बांध प्रस्तावित है। बिजली उत्पादन के लिए दो पावर हाउस, एक बांध के निचले स्तर में और दूसरा निचले स्तर की सुरंग के आउटलेट पर भी प्रस्तावित है। लिंक नहर की कुल लंबाई 221 किलोमीटर होगी जिसमें 2 किलोमीटर सुरंग भी शामिल है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र राजकुमार
राजकुमार