मुंबई, 23 मई (भाषा) राजस्थान रॉयल्स के सहायक कोच ट्रेवर पेनी ने शनिवार को कहा कि एक आईपीएल सत्र में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब खड़े 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को विकेटों के बीच ज्यादा दौड़ने जरूरत नहीं है और उसकी फिटनेस पर कोई शक नहीं है।
सूर्यवंशी ने इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र में अब तक 53 छक्के लगाए हैं और वह गेल के एक सत्र में 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने से महज छह छक्के दूर हैं।
पेनी ने राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मैच की पूर्व संध्या पर यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘सूर्यवंशी की विकेटों के बीच दौड़ बहुत अच्छी है। लेकिन उसे विकेटों के बीच ज्यादा दौड़ने की जरूरत नहीं पड़ती। बात तो बस क्रिस गेल के छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने की है। ’’
पेनी ने कहा कि मैदान पर सूर्यवंशी के हुनर पर कोई शक नहीं है और उसे बल्लेबाजी के लिए तरोताजा रखने के लिए मैचों के दौरान क्षेत्ररक्षण से दूर रखा गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘वह बहुत अच्छा क्षेत्ररक्षक है। उसके हाथ बहुत अच्छे हैं। वह अच्छी तरह से मूव करता है, डाइव लगाता है, पहले से अंदाजा लगा लेता है, उसमें ये सब खूबियां हैं। बस चीजें इसी तरह से काम कर रही हैं, कभी-कभी जब वह बल्लेबाजी की शुरुआत करता है तो दूसरी पारी में तरोताजा रहता है। ’’
पूर्व भारतीय क्षेत्ररक्षण कोच ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए फ़ायदेमंद रहा है इसलिए ‘क्यों’ की कोई खास वजह नहीं है कि वह खराब क्षेत्ररक्षक है इसलिए हम उसे क्षेत्ररक्षण नहीं करवा रहे हैं। इसका उससे कोई लेना-देना नहीं है। यह बस हालात की बात है। ’’
पेनी ने कहा, ‘‘हमें उससे ज्यादा बात करने की जरूरत नहीं पड़ती, वह बस अपनी ही दुनिया में मस्त रहता है। वह कड़ा अभ्यास करता है और जब खेलने के लिए मैदान पर उतरता है, तो बस खेल का मज़ा लेता है। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द