afeem kheti/ image source: Shahnawazreport x handle
Maharajganj Afeem Kheti: महाराजगंज: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला उजागर किया है। यह कार्रवाई बृजमनगंज थाना क्षेत्र के खरखोड़ा गांव में की गई, जहां एक खेत में गुप्त रूप से अफीम की खेती की जा रही थी। जानकारी के मुताबिक गांव के एक मुखबिर ने इस अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस तक पहुंचाई थी। जैसे ही अफीम की फसल तैयार होने लगी, इसकी खबर क्षेत्र के पुलिस थाने तक पहुंच गई। सूचना मिलने के बाद बृजमनगंज पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और एसओजी टीम के साथ मिलकर गांव में छापेमारी की।
यूपी: महराजगंज के खरखोड़ा गांव में एक बन्धु ने खेत में अफीम का बीज बोया, अफीम की फसल जैसे ही तैयार हुई। गांव में पुलिस के मुखबिर ने अफ़ीम की खेती की ख़बर क्षेत्र के पुलिस थाने तक सरका दी। पुलिस ने 450 अफीम के पौधे जब्त कर आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। pic.twitter.com/OhDFDp11DC
— Shahnawaz (News 24) (@Shahnawazreport) March 15, 2026
शनिवार शाम को पुलिस और एसओजी टीम ने खरखोड़ा गांव में दबिश दी। छापेमारी के दौरान एक खेत में बड़ी संख्या में अफीम के पौधे लगे हुए मिले। पुलिस ने मौके से कुल 450 अफीम के पौधे बरामद किए, जिन पर करीब 520 फल लगे हुए थे। पुलिस ने तुरंत इन पौधों को कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान पता चला कि यह खेती गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा की जा रही थी। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान रामनरेश पुत्र रामाश्रय, निवासी खरखोड़ा, थाना बृजमनगंज, जनपद महाराजगंज के रूप में हुई है।
इस मामले में बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की थी, जिसमें अफीम की खेती का भंडाफोड़ हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 67/26 के तहत धारा 8/17/25 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं जिस खेत में अफीम के पौधे मिले हैं, वहां सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अदालत से आदेश मिलने के बाद जब्त किए गए अफीम के सभी पौधों को नियमानुसार नष्ट कर दिया जाएगा। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की खेती को लेकर पुलिस की सतर्कता और सख्ती की चर्चा हो रही है।