दक्षिण सूडान के दूरदराज गांव पर उग्रवादियों का हमला, 169 लोगों की मौत

Ads

दक्षिण सूडान के दूरदराज गांव पर उग्रवादियों का हमला, 169 लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 09:40 PM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 09:40 PM IST

जुबा, दो मार्च (एपी) दक्षिण सूडान के एक सुदूर इलाके में विद्रोहियों द्वारा एक गांव पर किये गये हमले में कम से कम 169 लोग मारे गए। स्थानीय अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह छिटपुट हिंसा की नवीनतम घटना है, जिसने देश को पूर्ण गृहयुद्ध के कगार पर ला खड़ा किया है।

रुवेंग प्रशासनिक क्षेत्र के सूचना मंत्री जेम्स मोनीलुआक ने बताया कि रविवार को अबीमनोम काउंटी में हुए हमले में 90 नागरिकों सहित कई लोग मारे गए।

उन्होंने बताया कि मृतकों में महिलाओं और बच्चों के साथ-साथ दर्जनों लड़ाके भी शामिल थे।

दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन ‘यूएनएमआईएसएस’ ने एक बयान में कहा कि हमले के बाद 1,000 लोगों ने उसके अड्डे पर शरण ली।

यूएन मिशन इन साउथ सूडान (यूएनएमआईएसएस) की अधिकारी अनीता किकी गबेहो ने एक बयान में कहा, ‘‘इस तरह की हिंसा से आम नागरिकों को गंभीर खतरा है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। मैं इसमें शामिल सभी लोगों से आग्रह करती हूं कि वे बिना देरी किए शत्रुता समाप्त करें और अपनी शिकायतों के समाधान के लिए रचनात्मक बातचीत में शामिल हों।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे शांति सैनिक हमारे अड्डे पर शरण लेने वाले नागरिकों की रक्षा के लिए अपनी क्षमताओं के भीतर हरसंभव प्रयास करना जारी रखेंगे।’’

यूएनएमआईएसएस के बयान में रुवेंग में हुए हमले में 23 लोगों के घायल होने का जिक्र किया गया है, साथ ही ‘उन रिपोर्टों पर चिंता व्यक्त की गई है जिनमें संकेत दिया गया है कि दर्जनों नागरिकों और कुछ स्थानीय अधिकारियों ने अपनी जान गंवाई है।’

ये हत्याएं दक्षिण सूडान में हिंसा की बढ़ती घटनाओं का हिस्सा हैं, जहां राष्ट्रपति सल्वा कीर के प्रति वफादार सरकारी बल उन सशस्त्र लोगों से लड़ रहे हैं, जिनके बारे में माना जाता है कि वे विपक्षी नेता रीक माचर के प्रति वफादार हैं।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश