(के जे एम वर्मा)
बीजिंग, दो मार्च (भाषा) विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि ईरान में अमेरिका और इजराइल के हवाई हमलों में चीन के एक नागरिक की मौत हो गयी है। इसके साथ ही उसने जोर दिया कि वह युद्धग्रस्त देश से सुरक्षित निकलने में लोगों की सहायता कर रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने एक ‘प्रेस ब्रीफिंग’ में बताया कि तेहरान में सैन्य संघर्ष में एक चीनी नागरिक की मौत हो गई।
प्रवक्ता ने कहा, ‘हम जान गंवाने वाले नागरिक के लिए शोक और शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।’
उन्होंने कहा कि ईरान में तनावपूर्ण स्थिति शुरू होने के बाद से विदेश मंत्रालय और ईरान में चीनी दूतावास व वाणिज्य दूतावासों ने कई बार अपने नागरिकों से जल्द से जल्द वापस लौटने का आह्वान किया है और उनकी सहायता की है।
उन्होंने कहा कि अब तक चीन के 3,000 से अधिक नागरिकों को ईरान से बाहर निकाला जा चुका है।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश