ईरान युद्ध अंतहीन नहीं, हम जीत के लिए लड़ते हैं: अमेरिकी रक्षा मंत्री

Ads

ईरान युद्ध अंतहीन नहीं, हम जीत के लिए लड़ते हैं: अमेरिकी रक्षा मंत्री

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 10:02 PM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 10:02 PM IST

वाशिंगटन, दो मार्च (एपी) अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोमवार को ईरान में अमेरिका-इजराइल के हमलों के एक लंबे क्षेत्रीय संघर्ष में तब्दील होने की बढ़ती चिंताओं पर कहा कि यह ‘‘इराक नहीं है और यह अंतहीन नहीं है’’।

हेगसेथ ने वायुसेना के जनरल एवं ‘ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ के अध्यक्ष डैन केन के साथ शनिवार के हमलों के बाद से ट्रंप प्रशासन की पहली प्रेसवार्ता की।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालांकि कुछ पत्रकारों के साथ फोन पर साक्षात्कार किए हैं, लेकिन उन्होंने कैमरे पर सवालों के जवाब नहीं दिए हैं और अभियान शुरू होने के बाद से केवल दो वीडियो जारी किए हैं।

हेगसेथ ने कहा, ‘‘…हम जीतने के लिए लड़ते हैं, और हम समय या जीवन बर्बाद नहीं करते।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह तथाकथित सत्ता परिवर्तन का युद्ध नहीं है, लेकिन सत्ता परिवर्तन निश्चित रूप से हुआ है और दुनिया के लिए यह बेहतर स्थिति है।’’

यह प्रेस वार्ता ऐसे समय हुई है जब क्षेत्र में संघर्ष एक व्यापक युद्ध में तब्दील हो चुका है। ईरान और उसके सहयोगी सशस्त्र समूहों ने इजराइल, अरब देशों और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल दागी हैं।

इस युद्ध में चार अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं। ट्रंप ने रविवार को कहा था कि और भी अमेरिकी सैनिक हताहत हो सकते हैं।

केन ने सोमवार को कहा कि अमेरिका को अतिरिक्त नुकसान होने की आशंका है।

उन्होंने मारे गए सैन्यकर्मियों के परिजनों से कहा, ‘‘हम आपके साथ शोक में शामिल हैं, और हम आपको कभी नहीं भूलेंगे।’’

स्थिति और खराब होने का एक और संकेत तब मिला जब अमेरिका के सहयोगी कुवैत ने ईरानी विमानों, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन हमलों के दौरान ‘‘गलती से’’ तीन अमेरिकी लड़ाकू विमानों को मार गिराया।

अमेरिकी मध्य कमान ने कहा कि सभी छह पायलट ‘अमेरिकी एफ-15ई स्ट्राइक ईगल्स’ से सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए और उनकी हालत स्थिर है।

एपी

नेत्रपाल माधव

माधव