रियो डी जिनेरियो, दो मार्च (एपी) ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो के हजारों समर्थकों ने रविवार को कई शहरों में प्रदर्शन किया, जिसका उद्देश्य आगामी राष्ट्रपति चुनाव में दक्षिणपंथी नेता की जीत के लिए माहौल तैयार करना है।
राष्ट्रीय ध्वज के रंगों- पीले और हरे रंगों के कपड़े पहने प्रदर्शनकारी साओ पाउलो, रियो डी जिनेरियो और राजधानी ब्रासीलिया की सड़कों पर उतरे और मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के खिलाफ नारे लगाए। लूला को अक्टूबर में होने वाले चुनाव में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
पूर्व राष्ट्रपति के बेटे फ्लावियो बोलसोनारो ने प्रदर्शन से पहले इंस्टाग्राम पर कहा, ‘‘यह साल सभी ब्राजीलियाई नागरिकों के लिए निर्णायक होगा। हम अपने ब्राज़ील को बचाने की दिशा में एक कदम दूर हैं।’’
फ्लावियो को उनके पिता ने लूला के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए आगे किया है। दक्षिणपंथी नेता फ्लावियो ने लूला के खिलाफ अपने समर्थन को मजबूत करने की कोशिश की है, जबकि लूला चौथी बार राष्ट्रपति बनने के लिए चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं।
जेयर बोलसोनारो फिलहाल जेल में हैं और 2022 के चुनाव में हार के बाद कथित तख्तापलट की कोशिश के मामले में 27 साल की सजा काट रहे हैं। हालांकि, उनके कई समर्थक मानते हैं कि उनका राजनीतिक उत्पीड़न हुआ है।
एपी गोला वैभव
वैभव