लंदन, तीन मार्च (एपी) पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण फंसे हवाई यात्रियों को निकालने के लिए सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात से कुछ गिनी-चुनी उड़ानों का संचालन किया गया, हालांकि इस क्षेत्र के ज्यादातर हिस्सों में वाणिज्यिक उड़ानें अब भी बंद हैं।
उड़ानों की स्थिति की जानकारी देने वाली ‘फ्लाइटरडार24’ के अनुसार, सोमवार को तीन घंटे के दौरान अबू धाबी से इस्लामाबाद, पेरिस, एम्स्टर्डम, मुंबई, मॉस्को और लंदन जैसे शहरों के लिए एतिहाद एयरवेज की कम से कम 16 उड़ानें रवाना हुईं।
हालांकि, विमानन कंपनी की वेबसाइट पर दिखाया गया कि उसकी सभी नियमित वाणिज्यिक उड़ानें बुधवार दोपहर तक निलंबित रहेंगी।
लंबी दूरी की उड़ानें संचालित करने वाली विमानन कंपनियां एतिहाद एयरवेज, एमिरेट्स और फ्लाईदुबई ने सोमवार को कहा कि वे देश से सीमित संख्या में उड़ानें संचालित करेंगी।
दुबई और अबू धाबी से सीमित संख्या में उड़ानें ऐसे समय में शुरू हुईं जब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने “गंभीर सुरक्षा खतरे” के कारण अपने नागरिकों से संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन, सऊदी अरब, मिस्र, लेबनान और ओमान समेत 13 देशों से तुरंत वाणिज्यिक उड़ानों से निकलने को कहा।
एयरलाइन विश्लेषण कंपनी सिरियम के अनुसार, शनिवार से पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली लगभग 32,000 उड़ानों में से करीब 13,000 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
एपी खारी गोला
गोला