गुवाहाटी, 31 मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई को पाकिस्तान और ब्रिटेन में स्थित संपत्तियों का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की चुनौती दी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का घोषणापत्र जारी करने को लेकर यहां आयोजित कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में शर्मा ने जोरहाट लोकसभा क्षेत्र से सांसद गोगोई से कहा कि वह विदेशों में अपनी संपत्तियों की सूची निर्वाचन आयोग को सौंपें।
उन्होंने कहा, ” गोगोई ने न तो पाकिस्तान से अपनी पत्नी की आय विवरण दिया है और न ही पड़ोसी देश में उनके बैंक खाते का उल्लेख किया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्पष्ट रूप से आरोप लगा रहा हूं कि गोगोई की पाकिस्तान और लंदन दोनों जगह संपत्तियां हैं, जबकि राइजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी (गौरव गोगोई) अमेरिका में भी संपत्ति है।”
उन्होंने कहा, “यह मेरा आरोप नहीं है, लेकिन मैं चाहता हूं कि गौरव गोगोई निर्वाचन आयोग के शपथपत्र में पाकिस्तान में अपने लेन-देन का विवरण प्रस्तुत करें।”
शर्मा ने कहा कि वे ये आरोप “पूरी जिम्मेदारी के साथ और बतौर मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि गोगोई के पास अपनी पत्नी के नाम पर पाकिस्तान और लंदन, दोनों जगह संपत्तियां हैं, जिनका उल्लेख उन्होंने निर्वाचन आयोग को दिए गए शपथपत्र में नहीं किया है।”
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि यदि कोई संपत्ति नहीं है, तो उन्हें अपनी पत्नी के पाकिस्तान स्थित बैंक खाते के लेन-देन—भले ही वे पुराने ही क्यों न हो—चार निष्पक्ष व्यक्तियों के समक्ष प्रस्तुत करने चाहिए। इसके लिए उन्होंने चार पत्रकारों के नाम भी सुझाए।
उन्होंने आगे कहा, “ये चारों व्यक्ति बैंक खातों की जांच करें और जनता को बताएं कि क्या यह सही है या मैं झूठ बोल रहा हूं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौरव गोगोई के खिलाफ कई “गंभीर आरोप” हैं, जिन्हें वह फिलहाल चुनावी माहौल खराब न करने के लिए उजागर नहीं कर रहे हैं, लेकिन चुनाव के बाद इस मामले में और जानकारी सामने लाएंगे।
भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि हाल ही में पाकिस्तान के एक टीवी चैनल पर हुई बहस में कहा गया कि गोगोई एक एनजीओ के प्रतिनिधि के रूप में वहां गए थे, जबकि गौरव गोगोई अब तक इसे निजी यात्रा बताते रहे हैं।
शर्मा ने गौरव गोगोई और उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ क्लेयर गोगोई पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध होने के आरोप भी लगाए हैं और इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।
वहीं, हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के भाजपा में शामिल होने को लेकर शर्मा ने कहा कि वह “किसी को भी भाजपा में ला सकते हैं…वे असमिया हैं और उन्हें भाजपा में लाने का मुझे अधिकार है।”
शर्मा ने कहा, “जाकर कांग्रेस से पूछिए कि वे अपने सदस्यों को प्रेम और सम्मान के साथ क्यों नहीं रख पाते। ऐसा क्या जादू है हिमंत में कि लोग उनके पास आते हैं और वहां (कांग्रेस में) नहीं टिकते…? यह सवाल हमसे नहीं, कांग्रेस से पूछा जाना चाहिए।”
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश