शिवपुरी, 14 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की एक आंगनबाड़ी सहायिका से कथित दुष्कर्म की घटना के बाद भड़की हिंसा में पीड़िता के भाई द्वारा आरोपी युवक के घर पर किए गए हमले में उसकी मां की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक यह घटना जिले के रन्नौद कस्बे में शुक्रवार को हुई और पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर पीड़िता के भाई सहित तीन लोगों को आरोपी बनाया है, जबकि दुष्कर्म के आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
रन्नौद थाने के प्रभारी अरविंद चौहान ने दर्ज शिकायत के हवाले से बताया कि पीड़िता आंगनबाड़ी सहायिका शुक्रवार अस्पताल से लौट रही थी, इसी दौरान गांव का ही इंदर गुर्जर उसे घर छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठाकर सुनसान स्थान की ओर ले गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी इंदर गुर्जर उसे नदी किनारे ले जाकर उससे दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
चौहान ने बताया कि घटना के बाद पीड़िता ने मोबाइल फोन के जरिए अपने भाइयों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद उसके भाई रन्नौद थाने पहुंचे।
उन्होंने बताया कि इसी बीच पीड़िता का एक भाई अपने दो साथियों के साथ आरोपी के घर पहुंच गया, जहां उन्होंने आरोपी इंदर गुर्जर को घर से बाहर निकालकर मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक इस दौरान आरोपी की मां सिरकुंवरबाई गुर्जर (60) अपने बेटे को बचाने के लिए बीच में आ गईं।
आरोप है कि गुस्से में पीड़िता के भाई ने नुकीले हथियार से आरोपी की मां के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की प्रत्यक्षदर्शी मृतका की बहू रेनू गुर्जर की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
रन्नौद थाना प्रभारी चौहान ने बताया कि गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश कर दिया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुष्कर्म के आरोपी युवक के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
भाषा
सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत