भोपाल। Madhya Pradesh Datia By-Election दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी के चयन को लेकर पार्टी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी प्रत्याशी के नाम को अंतिम रूप दिलाने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। सूत्रों के मुताबिक वे पार्टी आलाकमान से मुलाकात कर दतिया उपचुनाव के प्रत्याशी के नाम पर चर्चा करेंगे। सूत्रों के अनुसार, दतिया उपचुनाव के लिए कांग्रेस आज अपने उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर लगा सकती है।
Madhya Pradesh Datia By-Election इससे पहले पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती के परिवार के किसी सदस्य के चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन अब परिवार ने चुनाव मैदान में उतरने से इंकार कर दिया है। राजेन्द्र भारती परिवार के पीछे हटने के बाद पार्टी के भीतर अवधेश नायक और घनश्याम सिंह के नाम प्रमुख दावेदार के रूप में उभरकर सामने आए हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं दोनों नामों में से किसी एक पर कांग्रेस आलाकमान अंतिम फैसला ले सकता है।
गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित है। ऐसे में प्रत्याशी चयन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर समयबद्ध निर्णय लेने का दबाव है। अब सबकी निगाहें दिल्ली में होने वाली बैठक और पार्टी आलाकमान के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।