(Wrong UPI Transfer/ Image Credit: IBC24 News)
Wrong UPI Transfer: आजकल यूपीआई से पैसे ट्रांसफर करना बहुत आसान हो गया है, लेकिन जल्दबाजी में गलती भी हो सकती है। कई बार पैसा गलत यूपीआई आईडी पर चला जाता है और इसका पता बाद में एसएमएस अलर्ट से चलता है। चूंकि यूपीआई पेमेंट तुरंत प्रोसेस हो जाता है, इसलिए सामान्य रूप से रिवर्स करना मुश्किल होता है।
अगर आपके पास उस व्यक्ति की जानकारी है, जिसे गलती से पैसा भेजा गया है तो सबसे पहले उससे संपर्क करने की कोशिश करें। कई बार लोग समझदारी दिखाते हुए पैसा वापस भेज देते हैं। अगर वह व्यक्ति सहयोग करता है तो मामला आसानी से सुलझ सकता है। लेकिन अगर जानकारी नहीं है या वह पैसा लौटाने से मना कर दे, तो समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है।
विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसी स्थिति में तुरंत अपने बैंक को सूचना देना बहुत जरूरी है। आप यूपीआई ऐप में मौजूद ‘रिपोर्ट इश्यू’ विकल्प का उपयोग कर सकते हैं या बैंक के कस्टमर सपोर्ट से संपर्क कर सकते हैं। शिकायत जल्दी दर्ज करने से मामला मजबूत होता है और आगे की कार्रवाई में मदद मिलती है।
ग्राहक एनपीसीआई सिस्टम या भीम ऐप के जरिए भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद बैंक इस मामले को जांच के लिए आगे बढ़ाता है। अगर बैंक की तरफ से समय पर समाधान नहीं मिलता, तो ग्राहक दोबारा बैंक में शिकायत कर सकता है। हर बैंक में इसके लिए एक नोडल अधिकारी या शिकायत निवारण टीम होती है।
अगर बैंक स्तर पर भी समस्या हल नहीं होती, तो ग्राहक आरबीआई की ओम्बड्समैन स्कीम के तहत शिकायत कर सकता है। हालांकि, यहां भी पैसे वापस मिलने की गारंटी नहीं होती। इसलिए सबसे जरूरी है कि ट्रांसफर करते समय हमेशा सावधानी बरतें, यूपीआई आईडी को दोबारा जांचने के बाद ही पेमेंट करें।