मेहसाणा, 16 मई (भाषा) गुजरात के मेहसाणा जिले में एक घर से कथित तौर पर शराब बनाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
गुजरात में शराबबंदी लागू है, जहां शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध है।
स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) के निरीक्षक ए एम कामलिया के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम ठाकोर और महेंद्रसिंह जाला के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया, “यह अवैध शराब इकाई ठाकोर के घर से संचालित की जा रही थी। छापेमारी के दौरान ‘डिस्टिल्ड वाटर’ और शराब तैयार करने वाले रसायनों से भरे दो टैंक बरामद किए गए।”
अधिकारी के अनुसार, जब्त सामान में बिक्री के लिए तैयार नकली शराब की 178 पेटियां, ‘इथेनॉल’ जैसे कच्चे पदार्थ और विभिन्न शराब के ब्रांड के लेबल शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि ठाकोर और जाला समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ गुजरात निषेध अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा प्रचेता माधव
माधव