लोकसभा चुनाव ने प्रधानमंत्री की नींद हराम कर दी है: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा

लोकसभा चुनाव ने प्रधानमंत्री की नींद हराम कर दी है: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा

लोकसभा चुनाव ने प्रधानमंत्री की नींद हराम कर दी है: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा
Modified Date: May 4, 2024 / 10:29 pm IST
Published Date: May 4, 2024 10:29 pm IST

भोपाल, चार मई (भाषा) कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शनिवार को दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रातों की नींद उड़ा दी है।

खेड़ा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि केंद्र सरकार के पास 10 साल तक सत्ता में रहने के बाद दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है।

खेड़ा ने कहा, ‘दो चरणों के बाद हम कह सकते हैं कि इन चुनावों ने मोदी की नींद छीन ली है। दो चरणों के बाद उन्हें नींद नहीं आ रही है। पहले वह 18 घंटे जागते थे, अब 23 घंटे जागते हैं। तीसरे चरण के बाद वह पूरे 24 घंटे जागते रहेंगे।”

पहले दो चरणों में कम मतदान पर, खेड़ा ने दावा किया कि यह भाजपा के मतदाता थे जो ‘या तो गहरी निराशा के कारण या इस भावना के कारण दूर रह रहे कि भाजपा को निश्चित रूप से 400 सीटें मिलेंगी’।

उन्होंने कहा, ‘हमारे मतदाता, वे लोग जो बदलाव चाहते हैं, अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बाहर निकल रहे हैं।’

खेड़ा ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर देश के बारे में सवालों का जवाब न देने, पत्रकार वार्ता नहीं करने, विवाद खड़ा करके लोगों का ध्यान भटकाने और इसके बजाय विपक्ष पर ताना मारने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘भाजपा द्वारा लाई गई यह बीमारी देश को महंगी पड़ेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘देश में हर घंटे दो युवा आत्महत्या कर रहे हैं। केंद्र ने तीन महीने पहले संसद में यह तथ्य पेश किया है। प्रतिदिन तीस किसान आत्महत्या कर रहे हैं। ये मेरा नहीं बल्कि भारत सरकार का आंकड़ा है। देश में एक घंटे में चार रेप हो रहे हैं। एक दिन में सौ बलात्कार हो रहे हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ‘प्रधानमंत्री वोट मांग रहे हैं, लेकिन अपनी सरकार के 10 साल का रिपोर्ट कार्ड पेश नहीं कर रहे हैं। दस साल पहले लोगों ने आपकी गारंटी पर विश्वास किया था। बेरोजगारी 45 साल के उच्चतम स्तर पर है, इसलिए आत्महत्याएं होना ही हैं।’

भाषा दिमो शोभना

शोभना


लेखक के बारे में