मैराथन दौड़ की अनुमति निरस्त होने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया

मैराथन दौड़ की अनुमति निरस्त होने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया

मैराथन दौड़ की अनुमति निरस्त होने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया
Modified Date: November 29, 2022 / 07:53 pm IST
Published Date: December 25, 2021 10:28 pm IST

लखनऊ, 25 दिसंबर (भाषा) उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मैराथन दौड़ प्रतियोगिता की अनुमति निरस्‍त किए जाने के बाद शनिवार को कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लखनऊ पुलिस आयुक्‍त के कैंप कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया।

कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मैराथन दौड़ प्रतियोगिता की अनुमति इसलिए नहीं मिली क्योंकि प्रदेश की लड़कियों का झुकाव कांग्रेस की तरफ दिख रहा है।

कांग्रेस महासचिव और उत्‍तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा के निर्देश पर पार्टी को रविवार को राजधानी के गौतमपल्‍ली थाना इलाके के 1090 चौराहे से लड़कियों की मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन करना था।

उत्‍तर प्रदेश ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख कैप्‍टन बंशीधर मिश्र ने शनिवार शाम ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि गौतमपल्ली थाने की पुलिस ने कोविड प्रोटोकॉल और धारा 144 लागू होने का हवाला देकर दौड़ की अनुमति निरस्त कर दी जिसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आयुक्‍त कैंप कार्यालय पर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर पुलिस आयुक्त डीके ठाकुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कांग्रेस ने मैराथन दौड़ की अनुमति मांगी थी लेकिन इजाजत नहीं दी गई तो वे लोग इसके विरोध में प्रदर्शन करने आए थे।

उन्‍होंने बताया कि पार्टी पदाधिकारियों से कहा गया कि वे मैराथन दौड़ न करें बल्कि ‘क्‍लोज डोर’ (बंद स्थान पर) कोई कार्यक्रम कर लें जिसकी अनुमति दे दी जाएगी।

इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पार्टी की राष्‍ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा सरकार पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 26 दिसंबर को होने वाली ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ मैराथन दौड़ प्रतियोगिता पर योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा रोक लगाना भाजपा की महिला विरोधी सोच और लोकतंत्र में दोहरे मापदंड को प्रदर्शित करता है।

श्रीनेत ने कहा कि रविवार को लखनऊ के 1090 चौराहे से शुरू होनी वाली मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में प्रदेश की नारी शक्ति शामिल होने की तैयारी कर चुकी थी, लेकिन सरकार ने कोविड प्रोटोकाल का हवाला देकर इजाजत नहीं दी जबकि आज ही भाजपा ने इकाना स्टेडियम में हजारों लोगों की भीड़ एकत्रित की।

उन्‍होंने यह भी कहा कि अभी प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग ने मैराथन दौड़ करायी लेकिन उन पर कोविड प्रोटोकाल का कोई भी नियम लागू नहीं था। प्रवक्ता के मुताबिक, यह दोहरा मापदंड दिखाता है कि भाजपा विपक्षी नेताओं को और उनके कार्यक्रमों को अलोकतांत्रिक तरीके से रोककर तानाशाही रवैया अपना रही है।

श्रीनेत ने कहा, “हमें ‘लडकी हूं लड़ सकती हूं’ मैराथन दौड़ प्रतियोगिता की अनुमति इसलिए नहीं मिली क्योंकि प्रदेश की लड़कियों का झुकाव कांग्रेस पार्टी की तरफ दिख रहा है और इससे भाजपा घबराकर और डरकर कार्यक्रमों पर रोक लगा रही है।”

भाषा आनन्द नोमान

नोमान


लेखक के बारे में